जनकपुर, 8 मई : नेपाल के धनुषा जिले के सबैला नगरपालिका–9 स्थित भठिहन क्षेत्र में लंबे समय से विवादित रहे ‘यादव चौक’ का नाम बदलकर अब ‘श्रीराम चौक’ रखा जाएगा। यह निर्णय सर्वदलीय और सर्वपक्षीय बैठक के बाद लिया गया है।
बीते चैत महीने में कुछ व्यक्तियों द्वारा चौक पर ‘यादव चौक’ नाम का बोर्ड लगाने के बाद क्षेत्र में विवाद उत्पन्न हुआ था। स्थिति तनावपूर्ण बनी और झड़प के दौरान कई लोग घायल हुए। पुलिस की गोली लगने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसका अभी भी इलाज जारी है।
नगर प्रमुख की प्रतिबद्धता के बाद बनी सहमति
घटना के बाद सबैला नगरपालिका के मेयर कारिराम यादव ने दो महीनों के भीतर चौक का नाम परिवर्तन करने की घोषणा की थी। उसी क्रम में वडा नं. ९ के अध्यक्ष मनिष राय अमात की अध्यक्षता में एक सर्वपक्षीय बैठक बुलाई गई, जिसमें ‘श्रीराम चौक’ नाम पर सर्वसम्मति बनी।
नई दिशा-संकेत बोर्ड भी लगेगा
निर्णय अनुसार, चौराहे पर अब ‘श्रीराम चौक’ लिखा हुआ नया बोर्ड लगाया जाएगा, जिसमें रामघाट, कोल्लुवा मोड़ और सतोश्वरधाम की दिशाओं का भी स्पष्ट उल्लेख होगा। यह बोर्ड स्थानीय जन-प्रतिनिधियों और सुरक्षा कर्मियों की उपस्थिति में सार्वजनिक रूप से अनावरण किया जाएगा।
स्थानीय प्रतिनिधियों ने बताया कि यह नाम धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक सौहार्द को ध्यान में रखते हुए तय किया गया है, जिससे समुदाय में एकता और शांति बनी रहे।